पोहरी वृत्त के तीन गांवों में दबिश देकर कार्यवाही को दिया अंजाम
शिवपुरी। जिले मे कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देशन पर लॉकडाउन अवधि में शराब माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिये आबकारी विभाग द्वारा विशेष दल का गठन किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही के दौरान रविवार को वृत्त पोहरी में मदिरा का अवैध निर्माण एवं विक्रय की सूचना पर सुश्री सोनाली त्रिवेदी आबकारी उप निरीक्षक वृत्त प्रभारी पोहरी द्वारा वृत पोहरी के ग्राम राजगढ़, ठेउला और देवपुर आदि स्थानों में दबिश देकर लगभग 90 लीटर हथभट्टी मदिरा जब्त कर 2500 किलो गुड़ लहान मौके पर नष्ट किया। उक्त विशेष अभियान में म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 संशोधित 2000 की धारा 34(1)ए के तहत कुल 15 प्रकरण पंजीबद्ध किये गए। जप्तशुदा सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 1.75 लाख आंकी गई है। उपरोक्त कार्यवाही में आबकारी उप निरीक्षक पोहरी वृत्त प्रभारी सुश्री सोनाली त्रिवेदी, विनीत शर्मा, तीर्थराज भारद्वाज आबकारी उपनिरीक्षक व आबकारी मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकगण का सराहनीय सहयोग रहा।








